शरीर स्वस्थ और हाइड्रेटेड रखने के लिए सभी लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी जाती है। कुछ लोगों को गुनगुना पानी पसंद होता है, जबकि कुछ को बिल्कुल ठंडा। कुछ लोग दावा करते हैं कि ठंडा पानी पीने की तुलना में गर्म पानी का सेवन शरीर के लिए ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। तो क्या वास्तव में गर्म पानी सेहत के लिए फायदेमंद है?
आज का हेल्थ टिप्स: गर्म पानी पीना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद, कब्ज और वजन कम करने में भी सहायक
बंद नाक की समस्या में फायदेमंद
विशेषज्ञों के मुताबिक गर्म पानी से भाप बनती है। गर्म पानी से निकलने वाले वाष्प की गहरी साँस लेने से बंद नाक या साइनस के लक्षणों को ठीक करने में मदद मिल सकती है। साल
2008 में किए गए एक अध्ययन के अनुसार गर्म पानी पीने से बहती नाक, खाँसी, गले में खराश और थकान से राहत मिल सकती है। गले को साफ रखने में यह फायदेमंद माना जाता है।
पेट को ठीक रखने में सहायक
विशेषज्ञों के मुताबिक गर्म पानी पीना पेट के लिए फायदेमंद माना जाता है। पर्याप्त मात्रा में पानी न पीने से निर्जलीकरण और कब्ज की समस्या हो सकती है। कब्ज के कारण मल त्याग और बवासीर का भी खतरा बढ़ जाता है। अध्ययनों से पता चलता है कि रोजाना सुबह गर्म पानी पीने वाले लोगों में कब्ज का खतरा कम होता है। यही कारण है कि पेट की तमाम समस्याओं में गर्म पानी पीने को फायदेमंद माना जाता है।
रक्त प्रवाह में होता है सुधार
स्वास्थ्य विशेषज्ञ, गर्म पानी को वासोडिलेटर मानते हैं, जिसका अर्थ है कि यह रक्त वाहिकाओं का विस्तार करता है जिससे रक्त के परिसंचरण में सुधार होता है। इसके अलावा इसे मांसपेशियों को आराम देने और दर्द को कम करने में भी मददगार पाया गया है। अध्ययनों में गर्म पानी पीने को सीधे परिसंचरण सुधार से जोड़कर दिखने वाले लाभ का जिक्र नहीं मिलता है।हालांकि यह माना जाता है कि गर्म पानी रक्त वाहिकाओं को आराम देने में सहायक है।
वजन कम करने में सहायक
वजन कम करने के उद्देश्य से लंबे समय से लोग गर्म पानी का सेवन करते आ रहे हैं। अनुसंधान कहते हैं कि अधिक पानी पीने से वजन कम करने में मदद मिल सकती है। पानी शरीर को पोषक तत्वों को अवशोषित करने में भी मदद करने के साथ अपशिष्टों को बाहर निकालता है। साल 2003 में प्रकाशित एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने बताया कि गर्म पानी पीने से वजन कम हो सकता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि भोजन से पहले 500 मिली गर्म पानी पीने से मेटाबॉलिज्म की दर 30 प्रतिशत तक बढ़ जाती है, जो वजन घटाने में सहायक है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।