Varanasi Weather: 14 दिनों की तपिश के बाद काशी में आंधी ने 10 डिग्री गिराया तापमान, प्रचंड गर्मी से मिली राहत
Varanasi News: वाराणसी में मंगलवार की सुबह से तेज धूप निकल गई, जिससे गर्मी के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। जिन लोगों को जरूरी काम से बाहर निकलना पड़ा वे दुपट्टा, गमछा और छाता लेकर निकले।
विस्तार
वाराणसी में प्रचंड गर्मी से लोगों को मामूली राहत मिली है। पिछले 14 दिनों की तपिश के बाद पुरवा की आंधी ने काशी का पारा 10 डिग्री तक नीचे लुढ़का दिया। सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री के पास पहुंच गया, तो वहीं शाम को सूरज ढलते ही धूल भरी आंधी ने तापमान को 29 डिग्री पर पहुंचा दिया। शाम के छह बजे तक पारा 39 डिग्री था, मगर रात 10.30 बजे तक यह 29 डिग्री पर आ गया।14 दिनों के बाद अधिकतम तापमान काफी नीचे आया है।
इससे पहले यह 41.4 डिग्री से लेकर 45 डिग्री के बीच था। जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा 41.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री कम 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बही हवा में नमी 60 फीसदी तक पहुंच गई। वहीं 29 अप्रैल से 1 मई तक आंधी के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसे भी पढ़ें; काशी में महिला नेता: 1991 में पहली बार महिला विधायक, 1995 में मेयर और 2016 में पंचायत अध्यक्ष
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भाग पर बने चक्रवाती परिसंचरण से पूर्वी उत्तर प्रदेश में नम पुरवा का प्रभाव बढ़ा है। इसी के चलते आंधी जैसा मौसम महसूस किया गया। आगामी दो दिनों तक प्रदेश भर में बादलों की आवाजाही के साथ गरज-चमक की संभावना है।
पुरवा ने काशीवासियों को दिलाई तपिश से राहत
अचानक चली पुरवा हवा ने काशी की नमी बढ़ाने के साथ ही तापमान को भी नीचे गिराया। इससे काशीवासियों को पिछले 14 दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी से राहत मिली।