चारधाम यात्रा 2026: श्रद्धालुओं की संख्या में 29 प्रतिशत वृद्धि, स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां भी कम नहीं
चारधाम यात्रा-2026 में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया। कुल तीर्थयात्री संख्या में 29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
विस्तार
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में इस बार 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। लेकिन स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां भी कम नहीं रही। बीते वर्ष की तुलना में स्वास्थ्य खराब होने के कारण श्रद्धालुओं की सामान्य मौतों में 63 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटीज (एसडीसी) फाउंडेशन ने यात्रा की विश्लेषण रिपोर्ट जारी कर सरकार को यात्रा प्रबंधन में धारण क्षमता, सुरक्षा व स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का सुझाव दिया है।
सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटीज (एसडीसी) फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल ने बताया कि चारधाम यात्रा-2026 में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया। कुल तीर्थयात्री संख्या में 29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब में 65,65,197 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या 51,07,346 थी। बीते वर्ष तुलना में 14,57,851 अधिक श्रद्धालु यात्रा में आए।
विश्लेषण रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 की तुलना में बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की संख्या में सर्वाधिक 42 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यमुनोत्री में यह वृद्धि 37 प्रतिशत और गंगोत्री में 33 प्रतिशत रही, जबकि केदारनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या में केवल 9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। गंगोत्री में यात्रा 206 दिनों तक चली, यमुनोत्री में 207, केदारनाथ में 204 और बदरीनाथ में 208 दिन तक यात्रा चली।
चारधाम यात्रा संपन्न: तीर्थयात्रियों की संख्या ने बनाया रिकॉर्ड, पहली बार 65.55 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे
वर्ष 2025 में चारधाम यात्रा में कुल 182 श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 297 हो गई। खराब स्वास्थ्य के कारण 63 प्रतिशत की सामान्य मौतें अधिक रही। इसमें केदारनाथ और बदरीनाथ में कुल 229 स्वास्थ्य संबंधी प्राकृतिक मौतें होना बेहद चिंताजनक है। एसडीसी फाउंडेशन ने सरकार को सुझाव दिया कि चारधाम यात्रा प्रबंधन का उद्देश्य केवल श्रद्धालुओं की संख्या को रिकॉर्ड के तौर पर देखना नहीं होना चाहिए, बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा, बेहतर तैयारी और समय पर चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
वाहनों की संख्या में भी वृद्धि
चारधाम यात्रा के दौरान वाहनों की आवाजाही में भी वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2025 में 5,14,016 वाहनों की आवाजाही हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में 14 नवंबर तक यह संख्या बढ़कर 6,68,877 हो गई। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में 1,54,861 अधिक वाहनों की वृद्धि हुई, जो 30 प्रतिशत से अधिक है।
सुरक्षित व सतत यात्रा प्रबंधन पर जोर
अनूप नौटियाल ने कहा, चारधाम यात्रा की सफलता का आकलन करते समय सरकार और अन्य संबंधित पक्षों को केवल कुल श्रद्धालु संख्या तक सीमित नहीं रहना चाहिए। राज्य को रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की होड़ से आगे बढ़कर धामों की धारण क्षमता, श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा, पर्यावरणीय स्थिरता और चारधाम यात्रा के दीर्घकालिक भविष्य को प्राथमिकता देनी होगी। इसके लिए आंकड़ों पर आधारित योजना निर्माण, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, पर्याप्त चिकित्सा एवं आपातकालीन सुविधाओं, सड़क और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा व प्रत्येक धाम के अनुरूप अलग-अलग भीड़ प्रबंधन रणनीतियों को मजबूत करना आवश्यक है।
