फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Anil Sole withdraws candidature Nagpur BJP Shiv Sena politics Pune water cut from Oct 15

महाराष्ट्र: निंबालकर हत्याकांड में अदालत से पूर्व मंत्री पद्मसिंह बरी, सीबीआई ने हाईकोर्ट में दी चुनौती

Tue, 13 Oct 2026 08:25 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 13 Oct 2026 08:25 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Anil Sole withdraws candidature Nagpur BJP Shiv Sena politics Pune water cut from Oct 15
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कांग्रेस नेता पवनराजे निंबालकर की 2006 में हुई हत्या के मामले में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री पद्मसिंह पाटिल और सात अन्य आरोपियों को बरी किए जाने के फैसले को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी है।

विज्ञापन


मुंबई की एक सत्र अदालत ने 20 जून को आरोपियों को यह कहते हुए बरी कर दिया था कि उनके खिलाफ संदेह से परे आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं। सीबीआई ने अपनी अपील में कहा है कि सत्र अदालत का फैसला “कानून की दृष्टि से गलत है और इसे रद्द किया जाना चाहिए।” इस अपील पर इसी सप्ताह न्यायमूर्ति एसवी कोटवाल की अगुवाई वाली खंडपीठ सुनवाई कर सकती है।
विज्ञापन


पवनराजे की पत्नी ने भी दाखिल की है अपील
पिछले महीने पवनराजे निंबालकर की पत्नी आनंदीदेवी निंबालकर ने भी आरोपियों को बरी किए जाने के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील दायर की थी। आनंदीदेवी शिवसेना सांसद ओमराजे निंबालकर की मां हैं। उनकी अपील पर अदालत ने पद्मसिंह पाटिल और अन्य बरी किए गए आरोपियों को नोटिस जारी किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन


2006 में गोली मारकर की गई थी हत्या
तीन जून 2006 को पवनराजे निंबालकर अपने चालक समद काजी के साथ मुंबई से उस्मानाबाद जा रहे थे। उस्मानाबाद का वर्तमान नाम धाराशिव है। इसी दौरान नवी मुंबई के कलंबोली में दो लोगों ने उनकी कार को रोका और दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी।

शुरुआत में मामले की जांच नवी मुंबई पुलिस ने की थी। हालांकि, जांच की प्रगति से असंतुष्ट पवनराजे की पत्नी ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया। इसके बाद अदालत ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी।

2009 में गिरफ्तार हुए थे पद्मसिंह पाटिल
केंद्रीय एजेंसी के जांच अपने हाथ में लेने के बाद जून 2009 में पद्मसिंह पाटिल को गिरफ्तार किया गया था। अब 85 वर्ष के पाटिल के अलावा आरोपियों में लातूर के कारोबारी सतीश मंदाडे, राज्य के आबकारी विभाग के सेवानिवृत्त निरीक्षक मोहन शुक्ला और हत्या को अंजाम देने के आरोपी दो शूटर भी शामिल थे।

सीबीआई के अनुसार, एक सहकारी बैंक और चीनी मिल में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर पाटिल और निंबालकर के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता बढ़ गई थी। जांच एजेंसी का दावा है कि इसी विवाद के चलते हत्या की गई थी।

Trending Videos

तुकाराम को जांच सौंपी तो छात्रों ने खत्म किया 10 दिन से जारी प्रदर्शन
महाराष्ट्र सरकार ने भर्ती परीक्षा निकाय राज्य लोक सेवा आयोग में सुधार के लिए एक समिति का गठन किया है। खाद्य विभाग के आयुक्त तुकाराम मुंढे को इस समिति का सचिव बनाया गया है। इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में पेपर लीक को लेकर 10 दिनों से चल रहा प्रदर्शन अभ्यर्थियों ने समाप्त कर दिया। आयोग के अध्यक्ष विवेक भीमनवार को जांच पूरी होने तक छुट्टी पर भेज दिया गया है। मुंढे के अलावा पूर्व जज दिलीप भोसले इस समिति के अध्यक्ष होंगे। दरअसल अगस्त में ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद आयोग ने परीक्षा रद्द कर दी थीं।

बड़ा हो या छोटा...कार्रवाई में भेदभाव नहीं
अभी महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के कमिश्नर के रूप में उन्होंने मिलावटखोरों, नकली दूध और पनीर बेचने वालों व खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभूतपूर्व कार्रवाई की है। मात्र दो महीनों के भीतर उन्होंने 1,100 से अधिक औचक छापे मारकर करोड़ों रुपये का मिलावटी सामान जब्त किया और कई बड़े ब्रांड्स व होटलों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। उनकी नजर में चाहे बड़े मल्टीनेशनल ब्रांड हों, फाइव स्टार होटल हों, या क्विक-कॉमर्स डार्क स्टोर्स (जैसे ब्लिंकिट और जेप्टो), कानून सबके लिए बराबर है।

जिस विभाग में गए, काम का तरीका बदल गया
वह जिस भी विभाग में जाते हैं, वहां कामकाज के ढर्रे को पूरी तरह बदल देते हैं। जिसमें सोलापुर में पानी के टैंकर माफिया पर नकेल कसकर गरीबों तक पानी पहुंचाना हो या नवी मुंबई में अवैध निर्माणों पर बिना हिचकिचाहट बुलडोजर चलवाना।

ठाणे में स्कूल के पास सड़क किनारे आग लगी, 23 गाड़ियां जलकर खाक
मंगलवार तड़के महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक स्कूल के पास खुले मैदान में आग लगने से एक ऑटो-रिक्शा और 22 दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आग सबेगांव में दिवा नेशनल इंग्लिश स्कूल हॉल के पीछे स्थित आदर्श विद्यालय के पास लगी, जहां कई गाड़ियां खड़ी थीं। अधिकारी ने बताया कि क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन सेल कंट्रोल रूम को तड़के 2.02 बजे आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे खड़ी 23 गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। स्थानीय पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अधिकारी ने बताया कि सुबह 3.16 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त 15 गाड़ियों की पहचान उनके रजिस्ट्रेशन नंबर और मालिकों के आधार पर कर ली गई है। आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत लिए जाने के खिलाफ पीआईएल पर सुनवाई करेगा बॉम्बे हाई कोर्ट

विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के खिलाफ एक पीआईएल पर बॉम्बे हाई कोर्ट सुनवाई करने के लिए सहमत हो गया है, जिसमें बताया गया है कि सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करने वालों को कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में लिया जा रहा है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि पुलिस बिना किसी निषेधाज्ञा के नागरिकों को हिरासत में ले रही है। वकील ने कोर्ट को बताया, 'यहां तक कि राहगीरों या पैदल चलने वालों को भी हिरासत में लिया जा रहा है।'

भाजपा नेता ने की अभिनेता इमरान खान के खिलाफ 'लुक आउट सर्कुलर' जारी करने की मांग
भाजपा नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने गृह मंत्रालय और इमिग्रेशन अधिकारियों को पत्र लिखकर अभिनेता इमरान खान के खिलाफ 'लुक आउट सर्कुलर' (एलओसी) जारी करने की मांग की है। यह मांग उनके द्वारा दी गई जानकारी और गामदेवी पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर नंबर 813/2026 की जांच पूरी होने तक उन्हें भारत छोड़ने से रोकने के लिए की गई है।

सुप्रीम कोर्ट तक विपक्ष के मार्च से न्यायपालिका पर दबाव बनाने की कोशिश: शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सुप्रीम कोर्ट तक विपक्षी गठबंधन इंडिया के मार्च की आलोचना करते हुए इसे न्यायपालिका पर दबाव बनाने की कोशिश बताया। उन्होंने विपक्ष से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की। शिंदे ने कहा कि विपक्ष को अदालत में न्याय मांगने का अधिकार है, लेकिन याचिका दायर करने के लिए मार्च निकालना उचित नहीं है। विपक्ष ने सोमवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ संयुक्त याचिका दायर करने के लिए मार्च निकाला था। शिंदे ने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य देश में भ्रम और अस्थिरता फैलाना है। उन्होंने ईवीएम और चुनाव आयोग पर विपक्ष के सवालों को भी दोहरे मापदंड से जोड़कर देखा।

शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने दिया इस्तीफा, हिंदुत्व से दूरी का आरोप
शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने पार्टी की मौजूदा राजनीतिक दिशा से मतभेद जताते हुए इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अपनी मूल हिंदुत्व विचारधारा से दूर जा रही है। दुबे ने कहा कि शिवसेना की पहचान हिंदुत्व, मराठी अस्मिता और बाल ठाकरे की विरासत से जुड़ी रही है। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी के साथ पार्टी की बढ़ती नजदीकी पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि राजनीतिक गठबंधन के लिए किसी दल को अपनी बुनियादी विचारधारा और स्वतंत्र पहचान से समझौता नहीं करना चाहिए। दुबे आदित्य ठाकरे के करीबी माने जाते हैं और पार्टी में उत्तर भारतीय चेहरा रहे हैं।
 


ठाणे में 25 दिन का बच्चा अगवा, चार घंटे में सुरक्षित बरामद; पांच गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 25 दिन के बच्चे का अपहरण कर उसे बेचने की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्चे को चार घंटे के भीतर मुंबई के धारावी इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 10 अक्तूबर की शाम अंबरनाथ में एक महिला ने कचरा बीनने वाली महिला से बच्चे को कथित तौर पर छीन लिया और अपने साथियों को सौंप दिया। शुरुआती जांच में पुलिस ने 19 वर्षीय सोनी गणेश को पकड़ा। उससे मिली जानकारी और तकनीकी जांच के आधार पर बच्चे को बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में श्रवण एवं वाक संबंधी दिव्यांगता वाली महिला पार्वती नागराज भी शामिल है। मामले की जांच जारी है।


मनसे नेता की टिप्पणी के खिलाफ पत्रकारों का प्रदर्शन, माफी की मांग
महाराष्ट्र के ठाणे में पत्रकारों ने मनसे नेता अविनाश जाधव की कथित अपमानजनक टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। पत्रकारों ने सोमवार को नगर निगम मुख्यालय के बाहर विरोध जताया। यह विवाद नौ अक्तूबर को एक रैली के दौरान जाधव की टिप्पणी के बाद शुरू हुआ। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ पत्रकार बिके हुए हैं और सत्तारूढ़ दलों के नेताओं के पक्ष में खबरें प्रकाशित करते हैं। ठाणे सिटी जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और मीडिया की आलोचना तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए। संगठन ने दिल्ली पुलिस पर विरोध प्रदर्शन की कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ कथित धक्का-मुक्की की भी निंदा की। जाधव की इस मामले में प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

नागपुर में अनिल सोले ने उम्मीदवारी वापस ली, भाजपा को समर्थन
महाराष्ट्र के नागपुर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद स्वतंत्र उम्मीदवार अनिल सोले ने बीजेपी प्रत्याशी सुधाकर कोहाले को समर्थन दिया है। सोले ने नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र विधान परिषद चुनाव से अपनी उम्मीदवारी वापस ली। पूर्व एमएलसी सोले ने बीजेपी से टिकट न मिलने पर कोहाले के खिलाफ नामांकन भरा था। सोमवार शाम फडणवीस ने नागपुर में सोले के आवास पर उनसे चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोले की चिंताओं को दूर किया जाएगा। सोले ने फडणवीस के व्यक्तिगत रूप से मिलने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कोहाले की जीत सुनिश्चित करने की बात कही। समय सीमा के कारण सोले का नाम मतपत्र पर रहेगा, पर वह खुद को वोट न मिलने देंगे। कांग्रेस ने अभिजीत वानजारी को उम्मीदवार बनाया है। मतदान 23 अक्तूबर को होगा और मतगणना 27 अक्तूबर को की जाएगी।

पुणे में जल संकट, 15 अक्तूबर से हर गुरुवार पानी कटौती

पुणे नगर निगम (PMC) ने पानी के घटते भंडार और एल नीनो प्रभाव के कारण 15 अक्तूबर से शहर में हर गुरुवार को पानी की आपूर्ति बंद करने का निर्णय लिया है। 31 अगस्त 2027 तक पर्याप्त पेयजल सुनिश्चित करने के लिए पानी बचाने की अपील की गई है। महाराष्ट्र जल संसाधन विभाग ने 5 अक्तूबर को अगले साल 31 अगस्त तक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। 12 अक्तूबर तक खडकवासला बांध शृंखला में 26.22 टीएमसी पानी था, जो पिछले वर्षों से कम है। PMC ने पानी की बर्बादी रोकने के लिए कई उपाय किए हैं। निर्माण, वाहन धुलाई, स्विमिंग पूल और बगीचों में पीने के पानी के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया है। टपकते नलों और पाइपलाइन की मरम्मत करने को कहा गया है। अवैध पानी के कनेक्शन पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed