टीवी की मशहूर जोड़ी जूही परमार और सचिन श्रॉफ ने पिछले महीने तलाक ले लिया। शादी के 9 साल के अंदर ही ना सिर्फ उनका तलाक हुआ बल्कि इस बीच वे दोनों कई बार एक दूसरे से अलग हुए। तलाक के लगभग एक महीने बाद एक्टर सचिन श्रॉफ ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और रिश्ते को लेकर खुलासा किया है।
तलाक के बदले जूही ने रखी थी यह शर्त, इस बॉलीवुड एक्ट्रेस का था बड़ा हाथ
सचिन श्रॉफ ने कहा कि बॉलीवुड एक्ट्रेस पूजा बेदी ने उनके तलाक में मध्यस्तता की। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान उन्होंने बेटी समायरा का ना सिर्फ ख्याल रखा बल्कि अमेरिका में उसकी पढ़ाई-लिखाई का बंदोबस्त भी किया। बता दें कि 'बिग बॉस-5' के दौरान पूजा बेदी और जूही परमार की गहरी दोस्ती हुई थी।
तलाक के महीने भर बाद अपनी चुप्पी तोड़ते हुए सचिन ने बताया कि जूही परमार ने उनसे कभी प्यार किया ही नहीं। बॉम्बे टाइम्स को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, 'हमारा तलाक आपसी सहमति से हुआ। एक तरफा रिश्ता शुरुआत से ही बुरा होता है। मैंने ऐसा कुछ नहीं किया जिससे जूही मुझसे प्यार करे। '
एक्टर ने कहा, 'पूजा बेदी ने हमारी बेटी समायरा के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए बहुत मदद की। जूही जितना चाहती थी, मैंने समायरा को उससे दोगुना दिया। मैंने अपने दो बेडरूम वाले अपार्टमेंट का आधा फीसदी हिस्सा बेटी के नाम कर दिया है। पुणे वाली प्रॉपर्टी भी उसके नाम की है। '
इससे पहले जूही ने कहा था उनकी बेटी अपने पापा को मिस नहीं करती। उन्होंने कहा, 'हमारी जिंदगी में क्या हो रहा है यह समझने के लिए अभी वह बहुत छोटी है। हालांकि, सचिन की गैरमौजूदी उसे नहीं खलती क्योंकि हम कई बार अलग हो चुके हैं। कई बार सचिन घर पर नहीं होते थे। इसलिए बेटी को इन सबकी आदत है। कई बार तो वह पापा के बारे में पूछती तक नहीं। ' गौरतलब है कि जूही और सचिन ने साल 2009 में शादी की थी।